विधानसभा में ईवीएम में गड़बड़ी कर भाजपा जीती, जनता इस बार जवाब देगी, हम जीतेंगे - KRANTIKARI SAMVAD

Breaking

Post Top Ad

Sunday, March 31, 2024

विधानसभा में ईवीएम में गड़बड़ी कर भाजपा जीती, जनता इस बार जवाब देगी, हम जीतेंगे

 विधानसभा में ईवीएम में गड़बड़ी कर भाजपा जीती, जनता इस बार जवाब देगी, हम जीतेंगे


Exclusive : सरगुजा लोकसभा से कांग्रेस प्रत्याशी शशि सिंह से हरिभूमि और आईएनएच के प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी ने 'सार्थक संवाद' शो में ख़ास बातचीत । 


सरगुजा लोकसभा प्रत्याशी शशि सिंह से आईएनएच-हरिभूमि के प्रधान संपादक डॉ.हिमांशु द्विवेदी की सार्थक चर्चा

रायपुर। सरगुजा लोकसभा से कांग्रेस प्रत्याशी शशि सिंह का कहना है कि पॉजिटिव सोच के साथ सरगुजा की जनता का साथ उन्हें मिलेगा और वे यह चुनाव जीतेंगी। विधानसभा चुनाव में सरगुजा संभाग से कांग्रेस के सफाया होने के बाद भी उन्हें विश्वास है कि अपनी और पार्टी के नेताओं की मेहनत से 20 साल बाद यह सीट कांग्रेस की झोली में डालेंगी। हरिभूमि-आईएनएच के प्रधान संपादक हिमांशु द्विवेदी ने चुनावी संवाद में उनसे चर्चा की, पेश है उनके कुछ अंश।

▶ सवाल-सरगुजा से आपको मिली टिकट की बधाई, सहानुभूति या शुभकामना किस रूप में देखती हैं?

▶ जवाब- सरगुजा लोकसभा से मिली टिकट को शुभकामना के रूप में देख रही हूं। मेरे नाम की घोषणा होने के बाद लोगों से बधाई मिल रही है। यहां की जनता पॉजिटिव रूप में इसे ले रही है। क्षेत्र के लोगों की लगातार शुभकामनाएं मिल रही है उससे लगता है मेरे प्रति उनका पॉजिटिव रूख रहेगा। जनता वोट जरूर देगी।

▶ सवाल-क्षेत्र की जनता शुभकामनाएं दे रही है, अगर वोट नहीं देगी तो क्या करेंगी।

▶ जवाब- सरगुजा में हमारे परिवार के लोगों ने काम किया है। हमने भी यहां पर टिकट मिलने के पहले से मेहनत शुरू कर दी थी। हमे सफलता अवश्य मिलेगी। 20 साल से यहां पर कांग्रेस को लोकसभा में हार मिली। अब पार्टी ने युवा चेहरे के रूप में एक महिला को मौका दिया है। यहां की जनता का सहयोग मुझे चुनाव में अवश्य मिलेगा।

▶ सवाल- विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के लिए सरगुजासंभाग निगेटिव रहा, आप इसे पॉजिटिव कैसे मान रही हैं।

▶ जवाब- अपने जीवन में मैने जहां भी कदम रखा वहीं पर सकारात्मक रूप से फसलता मिली है। विधानसभा चुनाव में भले कांग्रेस को यहां से सफलता नहीं मिली।
परिस्थितियां जो भी बनी वह अलग तरह की थी। लोकसभा चुनाव में वैसी स्थिति नहीं रहेगी। मेहनत के बल पर यहां पर इस नतीजे को अपने पक्ष में करने का प्रयास होगा। मैं हार मानने वाली नहीं। जनता पर पूरा विश्वास है इस बार कुछ भी हो जाए, पर हम जीतेंगे।

▶ सवाल-राहुल गांधी ने भी अमेठी में काफी मेहनत किया, पर चुनाव हार कर वायनाड चले गए। आप की रणनीति क्या होगी।

▶ जवाब- कांग्रेसी कभी हार नहीं मानते है। 10 सालों में जनता समझ चुकी है कि देश को बचाना है, तो कांग्रेस का साथ देना होगा। भाजपा के शासन काल में 10 सालों में देश की हालत बदतर हो चुकी है। जनता के बीच इन केंद्र सरकार की कमजोरी और अन्य बातों को ले जाकर हम चुनाव में अच्छा प्रदर्शन कर जीतेंगे।

▶ सवाल-ईवीएम के चलते विधानसभा चुनाव हारे क्या अब लोकसभा में यह नहीं होगा।

▶जवाब-विधानसभा चुनाव में भाजपा ने छल किया, अब लोकसभा चुनाव में वे यह नहीं कर पाएंगे। अब भाजपा डर चुकी है। ईवीएम के माध्यम से कुछ प्रतिशत डेमेज कर सकते हैं, लेकिन इस नुकसान से अधिक वोट कांग्रेस को चुनाव में मिलेगा। हमें आशा है कि लोकसभा चुनाव निष्पक्ष हो यह हमारी मांग है।

▶ सवाल- भाजपा डरी हुई है, फिर भी कांग्रेसी भाजपा में जाने बेकरार क्यों हैं।

▶ जवाब-कांग्रेसी बेकरार नहीं हैं, उन्हें ईडी और केंद्रीय एजेंसियों के माध्यम से फंसाने की कोशिश हो रही है। भाजपा के लोग उनके साथ फ्राड कर रहे हैं। जिन पर आरोप लगता है ऐसे लोगों के भाजपा ज्वाइन करते ही वे क्लीन हो जाते हैं। सरगुजा में चिंतामणि महराज के साथ भी ऐसा ही हुआ। भाजपा में जाने ही उनके सारे प्रकरण हटा दिए गए।

▶ सवाल-चिंतामणि महराज कांग्रेस में थे, अब भाजपा में आने के बाद उन्हें ही सरगुजा में प्रत्याशी बना दिया गया है। इसे किस भावना से ले रही हैं?

▶ जवाब- कांग्रेस अपने कांग्रेसियों के साथ हैं। चिंतामणि महराज को कांग्रेस से कोई फायदा नहीं मिलने वाला। यहां के भाजपाई भी उनके चरित्र का जान चुके हैं अतः उन्हें भी यहां पर कोई खास फायदा नहीं होगा। वे कभी कांग्रेस और कभी भाजपा में रहे अब लोग जान गए है कि उनका काम जनता की सेवा नहीं बल्कि अवसर खोजना रह गया है।

▶ सवाल-कांग्रेस में अंर्तकलह है। प्रत्याशी घोषित होने के बाद विरोध शुरू हो गया है, इससे कैसे निपटेंगी।

▶ जवाब- पार्टी के कुछ लोग नाराज होते हैं, उनकी वजह जानकर उनकों मनाएंगे। जो नाराज नेता है उनको संगठन के माध्यम से चुनाव कार्य में जोड़ा जाएगा। सरगुजा में जो विरोध हो रहा है। उन्हें मै व्यक्तिगत रूप से मना लूंगीद्ध ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष के रूप में वे काम कर रहे हैं। पार्टी ने मुझे यहां से चुनाव लड़ने का मौका दिया है, तो सभी को साथ लेकर चलूंगी।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages