गड्ढे में गिरी महिला को ट्रक ने रौंदा, मौके पर मौत; प्रशासन पर फूटा लोगों का गुस्सा
मंगलुरु में राष्ट्रीय राजमार्ग 66 पर एक दुखद घटना घटी। माधवी नाम की एक महिला स्कूटर से गुजरते समय हाईवे के गड्ढे में गिर गई जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना सीसीटीवी में कैद हुई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से गड्ढे को भरने की गुहार लगाई है क्योंकि पहले भी इस गड्ढे के कारण कई लोगों की जान जा चुकी है।

HIGHLIGHTSNH-66 पर हुआ भीषण सड़क हादसा।
फ्लाईओवर पर बने गड्ढे में गिरी महिला।
पीछे से आने वाली ट्रक ने महिला को रौंदा।
मंगलुरु। कर्नाटक के मंगलुरु से एक सनसनीखेज खबर सामने आ रही है। हाईवे पर बने गड्ढे में गिरी महिला हादसे का शिकार हो गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
यह हादसा मंगलवार की सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग 66 पर हुआ। मंगलुरु के पास कुलूर स्थित हाईवे पर महिला स्कूटर से गुजर रही थी। तभी वो हाईवे पर मौजूद गड्ढे में गिर गई और एक ट्रक उसके ऊपर से गुजर गई।
कैसे हुआ हादसा?
मृतक महिला की पहचान माधवी के रूप में हुई है, जो उडुप्पी जिले की रहने वाली थी। मंगलवार की सुबह माधवी ऑफिस के लिए रवाना हुई। लगभग 8:30 बजे वो कुल्लूर फ्लाईओवर पर पहुंची। फ्लाईओवर पर एक बड़ा गड्ढा मौजूद था, जिसमें पानी भरा था। माधवी स्कूटी को संभाल नहीं पाई और उसी गड्ढे में गिर गई और उसके पीछे आ रही ट्रक माधवी को रौंदते हुए निकल गई।
पहले भी 4 लोगों की गई थी जान
इस हादसे में माधवी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। माधवी मंगलुरु के एजे अस्पताल में काम करती थी। स्थानीय लोगों के अनुसार, लॉरी से टक्कर लगने के बाद माधवी लगभग 25 फीट ऊपर हवा में उछल गई थी। माधवी से पहले भी फ्लाईओवर पर मौजूद इस गड्ढे की वजह से 4 लोगों की मौत हो चुकी है।
इससे पहले 13 अगस्त को भी बाइक सवार एक आदमी गड्ढे में गिर गया था। हालांकि, उसकी जान जैसे-तैसे बच गई। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में काफी गुस्सा है। उन्होंने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए गड्ढा भरवाने की गुहार लगाई है।
No comments:
Post a Comment