18 साल बाद दक्षिण अफ्रीका ने पाकिस्‍तान में जीता पहला टेस्‍ट, सीरीज 1-1 से की बराबर - KRANTIKARI SAMVAD

Breaking

Post Top Ad

Thursday, October 23, 2025

18 साल बाद दक्षिण अफ्रीका ने पाकिस्‍तान में जीता पहला टेस्‍ट, सीरीज 1-1 से की बराबर

 18 साल बाद दक्षिण अफ्रीका ने पाकिस्‍तान में जीता पहला टेस्‍ट, सीरीज 1-1 से की बराबर



PAK vs SA 2nd Test Highlights: दक्षिण अफ्रीका ने गुरुवार को पाकिस्‍तान को दूसरे व अंतिम टेस्‍ट में 8 विकेट से मात दी। इसी के साथ एडेन मार्करम के नेतृत्‍व वाली दक्षिण अफ्रीका ने दो मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर की। प्रोटियाज टीम को जीत के लिए 68 रन का लक्ष्‍य मिला था, जिसे उसने दो विकेट खोकर हासिल किया। याद हो कि पाकिस्‍तान ने पहला टेस्‍ट 93 रन से जीता था।




साइमन हार्मर ने दूसरी पारी में छह विकेट चटकाए


 केशव महाराज के बाद साइमन हार्मर (6 विकेट) की घातक गेंदबाजी के दम पर दक्षिण अफ्रीका ने गुरुवार को दूसरे टेस्‍ट में पाकिस्‍तान को 8 विकेट से मात दी।

रावलपिंडी में खेले गए टेस्‍ट में पाकिस्‍तान ने पहले बल्‍लेबाजी की और उसकी पहली पारी 333 रन पर ऑलआउट हुई। जवाब में दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी 404 रन पर ऑलआउट हुई। इस तरह प्रोटियाज टीम ने पहली पारी के आधार पर 71 रन की बढ़त हासिल की।


पाकिस्‍तान की दूसरी पारी में बाबर आजम (50) ने जरूर अर्धशतक जड़ा, लेकिन अन्‍य बल्‍लेबाज क्रीज पर नहीं जम सके और पूरी टीम दूसरी पारी में 138 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिए 68 रन का लक्ष्‍य मिला, जिसे उसने दो विकेट खोकर हासिल किया।


18 साल का सूखा खत्‍म

दक्षिण अफ्रीका ने इस जीत के साथ ही पाकिस्‍तान में पहली टेस्‍ट जीत दर्ज करने का 18 साल का सूखा समाप्‍त किया। प्रोटियाज ने आखिरी बार पाकिस्‍तान में 2007 में टेस्‍ट जीत हासिल की थी। पिछली बार जब दक्षिण अफ्रीका ने पाकिस्‍तान में टेस्‍ट सीरीज खेली तो 0-2 की शिकस्‍त सहनी पड़ी थी। मार्करम के नेतृत्‍व में दक्षिण अफ्रीका ने बड़ी उपलब्धि हासिल की।

दक्षिण अफ्रीका की आसान जीत

68 रन के लक्ष्‍य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका को कप्‍तान एडेन मार्करम (42) और रेयान रिकलटन (25*) ने 64 रन की साझेदारी करके विजयी शुरुआत दिलाई। नोमान अली ने एक ओवर में दो विकेट झटककर पाकिस्‍तान को राहत पहुंचाई। अली ने मार्करम को एलबीडब्‍ल्‍यू आउट किया जबकि ट्रिस्‍टन स्‍टब्‍स को सलमान के हाथों कैच आउट कराया।

साइमन हार्मर छाए

पाकिस्‍तान की दूसरी पारी का हाल साइमन हार्मर ने बिगाड़ा। 71 रन की बढ़त का बोझ उतारने उतरी पाकिस्‍तान ने शीर्ष 3 विकेट 16 रन पर गंवा दिए थे। फिर बाबर आजम (50) ने अर्धशतक जरूर जड़ा, लेकिन दूसरी तरफ से उन्‍हें साथ नहीं मिला। सउद शकील (11), मोहम्‍मद रिजवान (18) और सलमान आगा (28) कुछ योगदान दे सके।


दक्षिण अफ्रीका की तरफ से साइमन हार्मर ने 20 ओवर में 5 मेडन सहित 50 रन देकर छह विकेट झटके। पहली पारी के हीरो केशव महाराज ने दो विकेट झटके। कगिसो रबाडा के खाते में एक विकेट आया। अब दोनों देशों के बीच मंगलवार से तीन टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज खेली जाएगी।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages