व्हाइट हाउस में मौजूद थे ट्रंप तभी अज्ञात व्यक्ति ने सिक्योरिटी गेट में घुसा दी अपनी कार, फिर क्या हुआ? - KRANTIKARI SAMVAD

Breaking

Post Top Ad

Wednesday, October 22, 2025

व्हाइट हाउस में मौजूद थे ट्रंप तभी अज्ञात व्यक्ति ने सिक्योरिटी गेट में घुसा दी अपनी कार, फिर क्या हुआ?

 व्हाइट हाउस में मौजूद थे ट्रंप तभी अज्ञात व्यक्ति ने सिक्योरिटी गेट में घुसा दी अपनी कार, फिर क्या हुआ?


व्हाइट हाउस में उस समय हड़कंप मच गया जब एक अज्ञात व्यक्ति ने सिक्योरिटी गेट में अपनी कार घुसा दी, उस समय डोनाल्ड ट्रंप वहां मौजूद थे। सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घुसपैठ करने वाले व्यक्ति को हिरासत में ले लिया और जांच शुरू कर दी गई है। इस घटना ने पूर्व राष्ट्रपतियों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं।




डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका में व्हाइट हाउस के बाहर एक व्यक्ति ने अपनी कार को जबरन सुरक्षा बैरियर से टकरा दिया। यह घटना रात करीब 10:37 बजे हुई। इसके बाद यूएस सीक्रेट सर्विस ने तुरंत ड्राइवर को हिरासत में ले लिया। घटना के बाद व्हाइट हाउस की सुरक्षा और सतर्कता पर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।


सीक्रेट सर्विस के अनुसार, उनकी यूनिफॉर्म डिवीजन ने कार की तलाशी ली और इसे सुरक्षित घोषित किया। ड्राइवर की पहचान और इस घटना के पीछे के मकसद के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं दी गई है। जांच अभी जारी है।


सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

घटना के बाद सोशल मीडिया पर व्हाइट हाउस के बाहर का वीडियो तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में सीक्रेट सर्विस के अधिकारी टकराई हुई कार की जांच करते, उसका माप लेते और तस्वीरें खींचते नजर आ रहे हैं। इस घटना के समय राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस के अंदर मौजूद थे।


हालांकि, इस घटना के बाद व्हाइट हाउस को लॉकडाउन करने की जरूरत नहीं पड़ी। गेट की ओर जाने वाली सड़क को बंद कर दिया गया है और कार को हटाने तक यह बंद रहेगी।





पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं

यह पहली बार नहीं है जब व्हाइट हाउस के सुरक्षा गेट पर इस तरह की घटना हुई हो। पिछले साल जनवरी 2024 में एक ड्राइवर ने बाहरी गेट से कार टकरा दी थी। इसके बाद उसे हिरासत में लिया गया था। उस समय राष्ट्रपति जो बाइडन व्हाइट हाउस में मौजूद नहीं थे और सीक्रेट सर्विस ने साफ किया था कि इस घटना से कोई खतरा नहीं था।


इसके बाद मई 2024 में एक अन्य घटना में एक व्यक्ति की कार व्हाइट हाउस के पास सुरक्षा बैरियर से टकराने के बाद उसकी मौत हो गई थी। सीक्रेट सर्विस ने तब भी कहा था कि इससे कोई सार्वजनिक खतरा नहीं था। इन घटनाओं ने व्हाइट हाउस की सुरक्षा व्यवस्था पर बार-बार सवाल उठाए हैं।

जांच में जुटी सीक्रेट सर्विस

व्हाइट हाउस की सुरक्षा को लेकर ये घटनाएं चिंता का विषय बनी हुई हैं, खासकर जब ईस्ट विंग के पुनर्निर्माण का काम चल रहा है। सीक्रेट सर्विस इस ताजा घटना के कारणों की गहन जांच कर रही है। अभी तक कोई अतिरिक्त जानकारी साझा नहीं की गई है, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर व्हाइट हाउस की सुरक्षा व्यवस्था को सुर्खियों में ला दिया है।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages