मास्टरजी के बेटे, किसान और कवि... अगले CJI सूर्यकांत के गांववालों और रिश्तेदारों ने उनके बारे में क्या बताया? - KRANTIKARI SAMVAD

Breaking

Post Top Ad

Friday, October 31, 2025

मास्टरजी के बेटे, किसान और कवि... अगले CJI सूर्यकांत के गांववालों और रिश्तेदारों ने उनके बारे में क्या बताया?

 मास्टरजी के बेटे, किसान और कवि... अगले CJI सूर्यकांत के गांववालों और रिश्तेदारों ने उनके बारे में क्या बताया?




सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश सूर्यकांत देश के अगले मुख्य न्यायाधीश होंगे। हरियाणा के पेटवार गांव में जन्मे, उन्हें 'मास्टरजी का बेटा' कहा जाता है। उनके भाई ने उन्हें किसान और कवि बताया। उनकी कविता 'मेंढ पर मिट्टी चढ़ा दो' कॉलेज में लोकप्रिय हुई थी। भाभी राजबाला ने उन्हें बचपन में पालने की बात बताई। गांववाले उनकी नियुक्ति से खुश हैं और इसे गांव के लिए गर्व का क्षण मानते हैं।




अगले मुख्य न्यायाधीश होंगे जस्टिस सूर्यकांत। (फाइल फोटो)


सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश सूर्यकांत देश के अगले मुख्य न्यायाधीश होंगे। इस बात की घोषणा बीते दिन गुरुवार (30 अक्टूबर, 2025) को की गई। जस्टिस सूर्यकांत 24 नवंबर को भारत के 53वें चीफ जस्टिस और हरियाणा के पहले चीफ जस्टिस के तौर पर शपथ लेंगे।


उनका जन्म हरियाणा के पेटवार गांव में हुआ था। गांववाले और उनके परिवार के लोग उन्हें मास्टरजी का बेटा, किसान और कवि के नाम से याद करते हैं। पेटवार में जस्टिस सूर्यकांत के बड़े भाई ऋषिकांत ने कहा कि उनके पिता अविभाजित पंजाब में संस्कृत के टीचर थे। चार भाइयों में सबसे छोटे जस्टिस सूर्यकांत शुरू से ही एक होशियार छात्र थे। ऋषिकांत ने याद करते हुए कहा, "मैंने सूर्यकांत में एक किसान और एक मजदूर दोनों को देखा। वह अब भी गांव के लोगों के बारे में पूछते हैं।"


एक कवि भी हैं जस्टिस सूर्यकांत

ऋषिकांत ने कहा कि जस्टिस सूर्यकांत एक कवि भी हैं और जब वे कॉलेज में थे तो उनकी एक कविता 'मेंढ पर मिट्टी चढ़ा दो' बहुत लोकप्रिय हुई थी। उनके भाई ने बताया, "वह हाई स्कूल तक गांव के स्कूल में पढ़े। मुझे गर्व है कि मेरा भाई इतने ऊंचे पद पर है और सभी को उम्मीद है कि वह हर आम आदमी को न्याय दिलाने के लिए काम करेगा, जैसे उसने सेना के जवानों के लिए कानूनी मदद की स्कीम शुरू की थी।"

जस्टिस सूर्यकांत की भाभी ने क्या कहा?

जस्टिस सूर्यकांत की भाभी राजबाला ने बताया कि जब उनकी शादी हुई थी, तब वह दस साल के थे और वह ज्यादातर समय उनके साथ ही रहते थे। उन्होंने बताया कि उन्हें खाना खिलाना, तैयार करना और स्कूल भेजना उनका काम था।


राजबाला ने यह भी याद किया कि कैसे सूर्यकांत उन्हें 'गोदारा साहब' कहकर बुलाते थे और अब भी कभी-कभी ऐसा करते हैं। दरअसल, उस समय मनीराम गोदारा हरियाणा के गृह मंत्री थे और वह अपनी भाभी को इस नाम से इसलिए बुलाते थे क्योंकि वह उन्हें घर का होम मिनिस्टर मानते थे।

गांववालों में जश्न का माहौल

पेटवार गांव के लोग भी जश्न मना रहे हैं। एक गांववाले ने कहा, "जस्टिस सूर्यकांत ने गांव का नाम बहुत ऊंचा किया है। हमारे 'मास्टरजी का बेटा' के इतने ऊंचे पद पर होने से गांव के युवाओं को प्रेरणा मिली है।"

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad

Responsive Ads Here

Pages