संथाली और हिंदी भाषा में छपा ब्रह्मभोज का कार्ड, 16 को संस्कार भोज के साथ कार्यक्रम का समापन
दिशोम गुरु शिबू सोरेन के श्राद्धकर्म का निमंत्रण बांटा जा रहा है। 15 अगस्त को दशकर्म और 16 अगस्त को नेमरा में संस्कार भोज होगा जिसके आयोजक मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन हैं। गोला से नेमरा तक की सड़क को दुरुस्त किया जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी समेत कई नेताओं ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जन्मदिन की बधाई दी और उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।
दिशोम गुरु शिबू सोरेन के श्राद्धकर्म का निमंत्रण बांटा जा रहा है। जागरण
/रांची। दिशोम गुरु शिबू सोरेन के श्राद्धकर्म के लिए कार्ड बंटने शुरू हो गए हैं। कार्ड संथाली और हिंदी भाषा में लिखे गए हैं। कार्ड पर गुरुजी की तस्वीर के साथ दिशोम गुरु वीर शिबू सोरेन भी लिखा है। कार्ड के अनुसार 15 अगस्त को दशकर्म और 16 अगस्त को संस्कार भोज होगा।
कार्यक्रम स्थल नेमरा है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इसके निवेदक हैं। संथाली भाषा को हिंदी भाषा में परिभाषित किया गया है। कार्यक्रम का समापन संस्कार भोज के साथ होगा। सोरेन परिवार के लोग अपनी परंपरा के अनुसार अपने पैतृक गांव नेमरा में शादी, श्राद्ध आदि सभी प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करते रहे हैं।
इधर, श्राद्धकर्म से पहले गोला से नेमरा तक की सड़क को चकाचक कर दिया जाएगा। इसके लिए दिन-रात काम किया जा रहा है। विभाग सड़कों को चकाचक करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहा है। बताया गया कि राज्य के अलावा देश की कई बड़ी हस्तियां श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होंगी। उन्हें सड़क मार्ग से आने-जाने में कोई परेशानी न हो, इसके लिए पूरे इंतजाम किए जा रहे हैं।

पीएम मोदी, राहुल समेत कई नेताओं ने हेमंत को जन्मदिन की बधाई दी
दूसरी ओर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई गणमान्य लोगों ने रविवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जन्मदिन की बधाई दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर लिखा- झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को उनके जन्मदिन पर बधाई और शुभकामनाएं। मैं उनकी लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूं।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी समेत कई अन्य बड़े नेताओं ने इस मौके पर हेमंत को बधाई दी। हेमंत सोरेन ने सभी का आभार व्यक्त किया। झारखंड के राज्यपाल ने एक्स पर लिखा- झारखंड राज्य के माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन जी को उनके जन्मदिन पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। मैं ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और जनसेवा में निरंतर सफलता की प्रार्थना करता हूं।
पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने शुभकामना देते हुए लिखा- आप स्वस्थ और दीर्घायु रहें - इस कठिन समय में मैं पूरे स्नेह के साथ आपके साथ हूं। हम सब मिलकर गुरुजी की विचारधारा को मजबूती से आगे बढ़ाएंगे। बाबूलाल मरांडी ने उन्हें बधाई देते हुए लिखा- मैं बाबा बैद्यनाथ से आपके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की प्रार्थना करता हूँ।
विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र महतो और पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी उन्हें बधाई दी। रवींद्र नाथ महतो ने लिखा- हेमंत सोरेन जी को उनके जन्मदिन पर उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की अनंत शुभकामनाएं। संघर्ष, सादगी और ज़मीन से जुड़े रहने की आपकी मिसाल अद्वितीय है।
No comments:
Post a Comment